Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उधवा में डिग्री कॉलेज खोलने की मांग सदन में गूंजी, सरकार ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान उधवा प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने एवं आईटीआई में शैक्षणिक सत्र प्रारंभ करने की महत्वपूर्ण मांग उठाई। उन्होंने गैर-सरकारी संकल्प प्रश्न के माध्यम से इस विषय को सदन में प्रमुखता से रखा।

विधायक ने कहा कि उधवा प्रखंड एक सुदूरवर्ती क्षेत्र है, जहां 26 पंचायतों के अलावा दियारा क्षेत्र भी शामिल है। इसके साथ ही सीमावर्ती प्रखंड बरहरवा और पतना के कई पंचायतों के छात्र-छात्राएं भी प्रस्तावित डिग्री कॉलेज से लाभान्वित होंगे।

उन्होंने सदन को अवगत कराया कि क्षेत्र में उच्च शिक्षा संस्थान के अभाव के कारण अधिकांश छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट के बाद अपनी पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाते हैं। यदि उधवा में डिग्री कॉलेज की स्थापना होती है, तो इससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा और उनका भविष्य संवर सकेगा।

मामले पर जवाब देते हुए उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि सरकार इस दिशा में गंभीर और सकारात्मक है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विभागीय प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही उधवा प्रखंड में डिग्री कॉलेज खोलने की दिशा में पहल की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण मांग और सरकार से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। पार्टी कार्यकर्ताओं, आमजन, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!