15वें वित्त आयोग की राशि के शत-प्रतिशत उपयोग पर जोर, 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश।

पाकुड़। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार प्रखंड अमड़ापाड़ा, लिट्टीपाड़ा एवं हिरणपुर में 15वें वित्त आयोग की राशि के प्रभावी एवं समयबद्ध व्यय को लेकर एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक (ई-पंचायत) आनंद प्रकाश ने की।
बैठक के दौरान सभी पंचायतों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। लंबित योजनाओं, स्वीकृत कार्यों तथा वित्तीय प्रगति का गहन विश्लेषण करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 15वें वित्त आयोग की राशि का शत-प्रतिशत उपयोग हर हाल में 31 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए।

जिला परियोजना प्रबंधक आनंद प्रकाश ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह राशि ग्राम पंचायतों के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, सभी कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, वित्तीय प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, तकनीकी स्वीकृति एवं मापी कार्य में अनावश्यक विलंब न हो, पंचायत स्तर पर दैनिक प्रगति रिपोर्ट संधारित की जाए
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में प्राप्त करने की प्रतिबद्धता जताई तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, पंचायत राज स्वशासन परिषद के प्रतिनिधि, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी मुखिया, पंचायत सचिव एवं लेखा लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।




