साहिबगंज में महिला उद्यमिता को नई दिशा: जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन।
स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता की जानकारी से महिलाओं को किया गया सशक्त।

साहिबगंज। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज द्वारा एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला उद्योग विभाग के अंतर्गत “Promotion of Women Led Entrepreneurship” विषय पर आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देना, महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और वित्तीय सहायता की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। इस दौरान विशेषज्ञों ने महिलाओं को उद्यम स्थापित करने की पूरी प्रक्रिया, बैंकिंग सुविधाओं, ऋण योजनाओं और सरकारी प्रोत्साहन नीतियों के बारे में सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समझाया।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें महिला उद्यमी, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं, स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं और उद्यम शुरू करने की इच्छुक युवतियां शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने कार्यशाला के दौरान अपने अनुभव साझा किए और उद्यमिता से जुड़े नए आयामों को समझा।

इस अवसर पर जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज के महाप्रबंधक रामाकांत चतुर्वेदी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को बढ़ाना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि समाज और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर सकती हैं।
कार्यशाला में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के डीपीएम मतीन तारिक, ईओडीबी मैनेजर चन्द्रशेखर शर्मा, स्टंट चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल तथा पत्थर व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष चंदेश्वर प्रसाद सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने इस कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।




