किशोर स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की नई पहल: साहिबगंज में जिला स्तरीय स्वास्थ्य आरोग्य दूत एवं साथिया सम्मान सम्मेलन आयोजित।

साहिबगंज। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के तहत साहिबगंज जिले में जिला स्तरीय स्वास्थ्य आरोग्य दूत एवं साथिया सम्मान सम्मेलन का भव्य आयोजन सिद्धो-कान्हो सभागार में किया गया। इस सम्मेलन में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए साथिया एवं स्वास्थ्य आरोग्य दूतों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी गतिविधियों को मजबूत करना, जागरूकता बढ़ाना तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथियों को सम्मानित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिविल सर्जन, साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, डॉ. अमित (DRCHO), डॉ. मोनिका राणा (ज्वाइन डायरेक्टर, ABDM), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), जिला कार्यक्रम समन्वयक (DPC), DPMU के पदाधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, सहिया, एएनएम दीदी तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से पौधे में जलार्पण कर की गई, जो पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवन शैली का प्रतीक रहा। इसके पश्चात सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत साथिया द्वारा नन्हा पौधा भेंट कर किया गया। इस पहल ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और स्वस्थ समाज के निर्माण का सकारात्मक संदेश दिया।
सम्मेलन के दौरान सदर प्रखंड के पोखरिया स्थित CM School of Excellence, पीएम श्री कन्या विद्यालय तथा अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से किशोर स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों ने छात्रों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 90 स्वास्थ्य आरोग्य दूतों और 40 साथिया को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और गर्व देखने को मिला। यह सम्मान उनके द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए किए जा रहे सराहनीय कार्यों की मान्यता के रूप में दिया गया।
मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में किशोरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि साथिया एवं स्वास्थ्य आरोग्य दूत समुदाय और स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने सभी साथिया और आरोग्य दूतों से अपने-अपने क्षेत्रों में किशोर स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए किशोर स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं। साथ ही उन्होंने साथिया और आरोग्य दूतों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर सक्रिय रहकर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस सम्मेलन से उन्हें किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त हुईं। साथ ही फील्ड स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिए उन्हें नई ऊर्जा, प्रेरणा और मार्गदर्शन भी मिला।अंततः धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्मेलन का सफल समापन हुआ।



