महिला नेतृत्व वाले उद्यम को बढ़ावा देने के लिए 17 मार्च को जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित।
साहिबगंज। जिले में महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज की ओर से एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। उद्योग विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस कार्यशाला का विषय “महिला नेतृत्व वाले उद्यम को प्रोत्साहन (Promotion of Women Led Entrepreneurship)” रखा गया है।
कार्यालय, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज से प्राप्त जानकारी के अनुसार उद्योग विभाग के अंतर्गत प्रबंध निदेशक, जिडको, रांची के निर्देश पर इस जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यशाला 17 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे से जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज के कार्यालय सभागार में आयोजित होगी।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को बढ़ावा देना, महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा उन्हें व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को उद्यम स्थापना की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके, बैंकिंग सहयोग, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा स्वरोजगार से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यशाला में जिले के इच्छुक आमजन, विशेष रूप से महिला उद्यमी, स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं, स्वयं सहायता समूह की सदस्याएं तथा उद्यम स्थापित करने की इच्छुक महिलाएं भाग लेकर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकती हैं।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, साहिबगंज रामाकांत चतुर्वेदी ने जिले के सभी इच्छुक प्रतिभागियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर इस कार्यशाला में भाग लें और महिला उद्यमिता को सशक्त बनाने की इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।




