Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

जनता दरबार में आमजनों की समस्याएं सुनने पहुंचे उपायुक्त, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।

जमीन, शिक्षा, अनुकंपा सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें आईं सामने, एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश।

पाकुड़। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके प्रभावी निष्पादन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे तथा उपायुक्त के समक्ष अपनी बातें रखीं।

जनता दरबार के दौरान उपायुक्त ने एक-एक कर सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की विधिवत जांच कराते हुए उनका यथाशीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निवारण करना है।

इस दौरान जमीन से संबंधित मामलों, शिक्षा विभाग से जुड़ी समस्याओं, अनुकंपा नियुक्ति तथा विभिन्न विभागों से संबंधित कई आवेदन शिकायत के रूप में प्राप्त हुए। उपायुक्त ने इन सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन की भौतिक जांच करते हुए जल्द से जल्द उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर अपनी प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके और आम लोगों को राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी पहल करना है, जिससे जनता और प्रशासन के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!