Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक, एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में चलाने का निर्देश।

14–15 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के टीकाकरण पर विशेष जोर, स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल अनुमंडल अस्पताल के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल अस्पताल राजमहल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने की, जबकि उधवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से बैठक का संचालन किया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा करना और इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देना था। अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिशन मोड में संचालित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इस टीकाकरण के दायरे में लाया जा सके और भविष्य में गंभीर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से संचालित स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार कल्याण कार्यक्रम तथा अन्य जनस्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति पर गहन चर्चा हुई। अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों का मूल्यांकन करते हुए कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य संतोषजनक नहीं पाया गया है, वहां शीघ्र सुधार लाना आवश्यक है।

बैठक में कुछ स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने के मामलों पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित कर्मियों को फटकार लगाते हुए अपने कार्य में सुधार लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। वहीं बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी प्रकार समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी , एएनएम, एमपीडब्ल्यू, बीटीटी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। इसके अलावा विश्व स्वास्थ्य संगठन  के चिकित्सक डॉ. अबू कलाम, प्रखंड लेखा प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू तथा , यूनिसेफ और स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम से जुड़े फील्ड मॉनिटर भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाते हुए अधिक से अधिक बच्चों तक टीकाकरण अभियान की पहुंच सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और जिम्मेदारीपूर्ण कार्यशैली के माध्यम से ही जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाया जा सकता है और समाज को विभिन्न गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!