Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज जिले सकरीगली से साक्षरता मोड़ सड़क की बदहाली पर विधानसभा में गूंजा मुद्दा, विधायक एमटी राजा ने शीघ्र निर्माण की उठाई मांग

जर्जर सड़क से आवागमन बाधित, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा — बरसात में स्थिति और भी गंभीर, सरकार से त्वरित कार्रवाई की मांग।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण सकरीगली से साक्षरता मोड़ तक जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति का मुद्दा झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में जोरदार तरीके से उठाया गया। राजमहल के विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सदन में इस सड़क की खराब हालत पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से इसके शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की।

विधायक एमटी राजा ने सदन को अवगत कराते हुए कहा कि सकरीगली से साक्षरता मोड़ तक की सड़क पिछले कई वर्षों से अत्यंत खराब स्थिति में है। जगह-जगह सड़क टूटकर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों, छात्रों, व्यापारियों और प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है।

उन्होंने बताया कि सड़क की जर्जर हालत के कारण यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। कई स्थानों पर पानी भर जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ती है।

विधायक ने सरकार से आग्रह किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सकरीगली से साक्षरता मोड़ तक की सड़क का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

एमटी राजा ने यह भी कहा कि सड़क की बदहाली का नकारात्मक प्रभाव क्षेत्र की शिक्षा और व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। खराब सड़क के कारण छात्रों को विद्यालय और कॉलेज जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं व्यापारियों और स्थानीय व्यवसायों की गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

सदन में यह मुद्दा उठने के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि सरकार इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण को प्राथमिकता देगी और जल्द ही आवश्यक कदम उठाकर लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!