पाकुड़ नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न, लॉटरी से राणा ओझा बने उपाध्यक्ष।
बराबर मत मिलने पर ड्रा ऑफ लॉट्स से हुआ फैसला, नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल सहित 21 वार्ड पार्षदों ने ली शपथ।

पाकुड़। नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के तहत पाकुड़ नगर परिषद में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह तथा उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन गुरुवार को नगर परिषद सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद (वर्ग–ख) की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल सहित 21 निर्वाचित वार्ड पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस पद के लिए दो प्रत्याशियों राणा ओझा और रुपाली सरकार ने नामांकन पत्र दाखिल किया था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी निर्वाचित वार्ड पार्षदों की उपस्थिति में मतदान कराया गया।
मतदान की पूरी प्रक्रिया जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मनीष कुमार की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

मतगणना के दौरान राणा ओझा और रुपाली सरकार दोनों को 10–10 मत प्राप्त हुए, जबकि एक मत अमान्य घोषित किया गया। दोनों प्रत्याशियों को समान मत मिलने के कारण प्रचलित निर्वाचन नियमों के अनुसार लॉटरी (ड्रा ऑफ लॉट्स) की प्रक्रिया अपनाई गई।लॉटरी के माध्यम से राणा ओझा को पाकुड़ नगर परिषद का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
परिणाम की आधिकारिक घोषणा के बाद नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष राणा ओझा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उपायुक्त मनीष कुमार ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों से जुड़े बुनियादी मुद्दों के समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित पाकुड़ शहर के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन और शपथ ग्रहण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। इसी कारण पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, पारदर्शी और विधि-सम्मत तरीके से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रीतिलता मुर्मू, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया, कार्यपालक दंडाधिकारी गोपाल कृष्ण कुंवर, नगर परिषद के सभी निर्वाचित वार्ड पार्षद एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




