बरहरवा में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित, विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने सुनीं जनसमस्याएं।
जमीन विवाद, आवास योजना, पेंशन, राशन कार्ड सहित कई मुद्दों पर मिली शिकायतें; अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश।

साहिबगंज। बरहरवा में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में बुधवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनता दरबार में विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान जमीन विवाद, भूमि अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना, वृद्धा व विधवा पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, जाति आय निवास प्रमाण पत्र, आधार अपडेट तथा बैंकिंग सेवाओं से जुड़ी कई समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। दूर-दराज के गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें विस्तार से रखते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय बाद जनता दरबार आयोजित होने से उन्हें अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि के समक्ष रखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी इस जनता दरबार के माध्यम से कई लोगों की समस्याओं का समाधान हुआ है, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार यह जनता दरबार सामान्यतः प्रत्येक मंगलवार को आयोजित किया जाता है, लेकिन इस सप्ताह स्वास्थ्य संबंधी कारणों से मंगलवार को कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका था। आमजनों के आग्रह पर बुधवार को जनता दरबार लगाया गया, जिसमें अपेक्षा से अधिक संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम के दौरान बरहरवा प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों से आए ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त मिलने में हो रही देरी की शिकायत भी की। इस पर विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तर के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि दूसरी किस्त की राशि जारी की जा रही है। इसके बाद उन्होंने प्रखंड के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार के अंत में बरकत खान ने सभी फरियादियों को आश्वस्त किया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे और हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू सहित कई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




