अबुआ आवास योजना से बदली गरीब परिवार की जिंदगी, केंद्रीय टीम व उपायुक्त की मौजूदगी में लाभुक को मिला नया पक्का घर।
पाकुड़ के इस्लामपुर गांव में हुआ गृह प्रवेश समारोह, प्रशासन ने कहा—सरकार की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता।

पाकुड़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी अबुआ आवास योजना के तहत पाकुड़ जिले में एक और जरूरतमंद परिवार का पक्के घर का सपना साकार हुआ। सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत झिकरहटी पूर्वी स्थित इस्लामपुर गांव में वित्तीय वर्ष 2024–25 के अंतर्गत निर्मित पक्के आवास का विधिवत गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के साथ केंद्र सरकार की टीम भी मौजूद रही।
गृह प्रवेश कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार तथा पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार की केंद्रीय टीम के सेक्शन ऑफिसर एवं सलाहकार (SOEPR) की उपस्थिति में योजना के लाभुक मो. सुफियान हक को नए पक्के घर में विधिवत प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित अबुआ आवास योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराना है, ताकि वे सम्मान और सुरक्षा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिले और आवास निर्माण का कार्य तय मानकों एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

उपायुक्त ने आगे कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अबुआ आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। यह योजना न केवल लोगों को पक्का घर उपलब्ध करा रही है, बल्कि उन्हें सामाजिक सुरक्षा और सम्मान का भी एहसास करा रही है।
नए घर में प्रवेश के बाद लाभुक मो. सुफियान हक और उनके परिवार के सदस्यों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पक्के घर का सपना था, जो अब सरकार की योजना के माध्यम से पूरा हो गया। परिवार ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें सुरक्षित और बेहतर जीवन जीने का अवसर मिला है।
गृह प्रवेश समारोह के दौरान जिला प्रशासन के कई अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अबुआ आवास योजना ग्रामीण गरीबों के जीवन में नई उम्मीद और बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



