उपायुक्त मनीष कुमार व केंद्रीय टीम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर भवानीपुर का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का लिया जायजा।
ओपीडी, टीकाकरण, दवा उपलब्धता व स्वच्छता व्यवस्था की हुई समीक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश।

पाकुड़। सदर प्रखंड अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, भवानीपुर का बुधवार को जिला प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त मनीष कुमार तथा पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर एवं सलाहकार एसओईपीआर की केंद्रीय टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं केंद्रीय टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित ओपीडी सेवाओं, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, बच्चों के पूर्ण टीकाकरण, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों के लिए बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, रजिस्टर संधारण और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि आमजनों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उचित परामर्श, उपचार और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता बनाए रखने, दवा भंडारण की नियमित निगरानी करने तथा मरीजों के लिए बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले सभी मरीजों और परिजनों को सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए।निरीक्षण के दौरान संबंधित स्वास्थ्यकर्मी एवं विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।




