Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पीएम श्री उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय नगर पालिका कन्या, साहिबगंज में 10वीं की छात्राओं का भव्य विदाई समारोह एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित।

भू-वैज्ञानिक सह मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने छात्राओं को करियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और मेहनत के महत्व पर किया प्रेरित।

साहिबगंज।पीएम श्री योजना के अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय नगर पालिका कन्या, साहिबगंज में कक्षा 10वीं की छात्राओं के लिए कन्वेंशन इवेंट एवं करियर काउंसलिंग सह विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को 10वीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देना, उन्हें भविष्य के प्रति जागरूक करना तथा सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भू–वैज्ञानिक सह मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह थे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने छात्राओं को 10वीं के बाद विषय चयन, करियर की संभावनाओं, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है। यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ मेहनत करते हैं, तो वे निश्चित रूप से अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

करियर काउंसलिंग सत्र के दौरान डॉ. सिंह ने छात्राओं को बताया कि 10वीं के बाद विज्ञान, वाणिज्य और कला—तीनों संकायों में अनेक संभावनाएँ उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विषय का चयन करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आज के समय में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित शिक्षा, तकनीकी पाठ्यक्रम और व्यावसायिक प्रशिक्षण भी करियर के नए द्वार खोल रहे हैं, जिससे छात्राएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं।अपने संबोधन में उन्होंने छात्राओं को एक महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि जीवन में गलतियाँ होना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे सीखना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, गलती नहीं करना और यदि गलती हो भी जाए तो उसे दोबारा नहीं करना ही सफलता की पहली सीढ़ी है।” उन्होंने छात्राओं को हर अनुभव से सीखते हुए आगे बढ़ने, नियमित अध्ययन करने तथा निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

डॉ. सिंह ने अपने वक्तव्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार विषय चुनने की स्वतंत्रता देती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने जीवन में सफलता हासिल करें और समाज तथा देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।कार्यक्रम में आगंतुक के रूप में डॉ. शैलेन्द्र मिश्रा, मुस्कान कनोदिया, शिक्षा केंद्र निदेशक अनिकेत कुमार सिंह तथा विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारूक हुसैन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने भी छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक प्रदीप कुमार मोदी, रेखा कुमारी, अनिल किस्कू, कविता कुमारी, नीलम इंदवार, निरोजिनी मरांडी, प्रिया कुमारी तथा विजय कुमार (लिपिक) सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से कक्षा 10वीं की छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई और उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूरे कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण, प्रेरणादायी और ज्ञानवर्धक रहा, जिससे छात्राओं को अपने करियर और जीवन के लक्ष्यों के प्रति नई दिशा और प्रेरणा प्राप्त हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!