पाकुड़ विधायक निसात आलम ने अधूरे नलकूप निर्माण का मुद्दा विधानसभा में उठाया।
योगेंद्र प्रसाद को सौंपा ज्ञापन, बरहरवा और पाकुड़ सदर प्रखंड में लंबित नलकूप निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग।

बरहरवा साहिबगंज।पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से अधूरे पड़े नलकूप निर्माण कार्य को लेकर क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने झारखंड विधानसभा में गंभीरता से मामला उठाया है। इसके साथ ही उन्होंने झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपते हुए अधूरे पड़े नलकूपों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की।
विधायक ने मंत्री को दिए आवेदन में बताया कि सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार प्रत्येक पंचायत में 10-10 नलकूप का निर्माण कराया जाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। लेकिन वर्तमान स्थिति यह है कि कई पंचायतों में नलकूप निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। ऐसे में गर्मी का मौसम नजदीक आने के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि बरहरवा प्रखंड के 26 पंचायतों में अब तक केवल 100 नलकूपों का ही निर्माण कराया गया है, जबकि निर्धारित लक्ष्य इससे कहीं अधिक है। इसी प्रकार पाकुड़ सदर प्रखंड के 36 पंचायतों में कुल 360 नलकूपों का निर्माण होना था, लेकिन अब तक मात्र 178 नलकूप ही बन पाए हैं। बड़ी संख्या में नलकूप निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक निसात आलम ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या अत्यंत गंभीर है, इसलिए उन्होंने इस विषय को झारखंड विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया है। साथ ही विभागीय मंत्री से मिलकर अधूरे नलकूपों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समय पर पेयजल उपलब्ध हो सके।
मंत्री से मुलाकात के बाद विधायक को आश्वासन दिया गया है कि मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए सभी अधूरे नलकूप निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के जिन-जिन इलाकों में नलकूप निर्माण कार्य अधूरा है, उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि गर्मी शुरू होने से पहले सभी प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।



