राजमहल में चैती दुर्गा पूजा की तैयारियां शुरू, समिति की बैठक में भव्य आयोजन का लिया गया संकल्प।
नीलकोठी स्थित श्री श्री 108 चैती दुर्गा मंदिर में हुई बैठक, श्रद्धा और सामाजिक सहभागिता के साथ पूजा मनाने का निर्णय।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के नीलकोठी स्थित श्री श्री 108 चैती दुर्गा मंदिर परिसर में सोमवार की संध्या लगभग 6:30 बजे आगामी चैती दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चैती दुर्गा पूजा समिति के नीरज कुमार घोष ने की।
बैठक में वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली चैती दुर्गा पूजा को पूरे उत्साह, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष उत्तम कुमार पांडेय, सचिव अनीता बसाक तथा सहसचिव रितेश कुमार साह सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की तैयारियों पर अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
समिति के सदस्यों ने कहा कि चैती दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए इस वर्ष पूजा को पहले से अधिक आकर्षक, व्यवस्थित और भव्य रूप देने का संकल्प लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु इसमें शामिल होकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।

बैठक में पूजा आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं—मंदिर की भव्य सजावट, पूजा-अर्चना की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन—पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही इन कार्यों के सफल संचालन के लिए समिति के विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी से इस वर्ष की चैती दुर्गा पूजा को भक्ति, उत्साह और सामाजिक वातावरण में मनाया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों से भी आयोजन में सहयोग और सहभागिता की अपील की गई।
बैठक में समिति के कार्यकारिणी सदस्य नितीश कुमार साह, मनीष कुमार साहा, सन्नी कुमार साहा, सूरज कुमार घोष, रवि साह, आदित्य गुप्ता, विष्णु कुमार साहा, पंकज राय, करण साहा, राहुल कुमार आले, मुकेश दास, अमित कुमार साह सहित समिति के अन्य सदस्य तथा समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि इस वर्ष की चैती दुर्गा पूजा को श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।




