Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में “फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी” का शुभारंभ, करियर गाइडेंस फेस्ट में युवाओं को मिला नए अवसरों का मार्गदर्शन।

साहिबगंज।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिले के युवाओं के शैक्षणिक एवं करियर विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष “करियर गाइडेंस फेस्ट” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त हेमंत सती के करकमलों द्वारा “फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी” का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल पढ़ाई ही पर्याप्त नहीं होती, बल्कि सही समय पर सही मार्गदर्शन मिलना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अक्सर विद्यार्थी 10वीं और 12वीं के बाद उपलब्ध करियर विकल्पों को लेकर भ्रमित रहते हैं। अधिकांश छात्र केवल डॉक्टर, इंजीनियर या कुछ पारंपरिक क्षेत्रों तक ही सीमित जानकारी रखते हैं, जबकि आज के समय में करियर के अनेकों नए अवसर उपलब्ध हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य और सपना निर्धारित करना बेहद जरूरी है। सपना केवल कल्पना नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसा लक्ष्य होना चाहिए जिससे व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़े। यदि विद्यार्थी समय रहते अपने लक्ष्य को तय कर उसके अनुसार तैयारी करेंगे, तो निश्चित रूप से वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि आज के डिजिटल युग में इंटरनेट और तकनीक के माध्यम से ज्ञान के असीमित स्रोत उपलब्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा “फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी” की स्थापना की गई है। इस लाइब्रेरी में आधुनिक कंप्यूटर, उच्च गति का वाई-फाई, डिजिटल अध्ययन सामग्री और शांत अध्ययन वातावरण की व्यवस्था की गई है, ताकि छात्र-छात्राएं प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि यह डिजिटल लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। यहां बहुत ही न्यूनतम शुल्क पर विद्यार्थियों को अध्ययन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा समय-समय पर करियर गाइडेंस कार्यक्रम, मोटिवेशनल सेशन तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को सही दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने यह भी कहा कि भारत आज डेमोग्राफिक डिविडेंड वाला देश है, अर्थात देश की सबसे बड़ी ताकत उसका युवा वर्ग है। यदि युवा अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही उपयोग करेंगे तो देश तेजी से प्रगति करेगा। लेकिन यदि युवाओं की क्षमताओं का सही उपयोग नहीं हो पाया तो यही अवसर चुनौती में भी बदल सकता है। इसलिए युवाओं को पढ़ाई, कौशल विकास और करियर निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि “फूलो झानो डिजिटल लाइब्रेरी” केवल एक भवन या पुस्तकालय नहीं है, बल्कि यह जिले के युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा। डिजिटल माध्यम के जरिए विद्यार्थियों को नई जानकारी, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, अध्ययन सामग्री और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के अवसर मिलेंगे।
इस अवसर पर आयोजित करियर गाइडेंस फेस्ट में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर के विविध विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कौशल विकास तथा रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने भविष्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, डीपीएम जेएसएलपीएस मातिन तारिक सहित अन्य अधिकारी, शिक्षकगण, विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि तथा सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे डिजिटल लाइब्रेरी का अधिक से अधिक उपयोग करें, अपने ज्ञान और कौशल को विकसित करें तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। जिला प्रशासन द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!