नव चयनित आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित।
आरएम-जनमन एवं डीए-जगुआ योजना के तहत सिद्धो-कान्हो सभागार में कार्यक्रम, 17 सेविका-सहायिकाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र।

साहिबगंज।महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा आरएम-जनमन (RM-JANMAN) एवं डीए-जगुआ (DA-JGUA) योजना के अंतर्गत नव चयनित आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण तथा एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम साहिबगंज के सिद्धो‑कान्हो सभागार में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त हेमंत सती तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ उन्हें नन्हा पौधा भेंट कर की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया।

उपायुक्त हेमंत सती ने अपने संबोधन में नव चयनित सेविका एवं सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों को पोषण आहार देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म से लेकर शुरुआती 1500 दिन उसके मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवधि में आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाती है।

उन्होंने सभी सेविकाओं से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ करें तथा आंगनबाड़ी केंद्र को अपने दूसरे घर की तरह संचालित करें।वहीं उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि नव नियुक्त सेविका एवं सहायिकाओं के लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र को प्रतिदिन समय पर खोलना, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना, पोषण, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘पोषण ट्रैकर’ एप के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की जाती है, इसलिए सभी सेविकाओं को केंद्र से संबंधित सभी पैरामीटर सही और समय पर दर्ज करना अनिवार्य है।कार्यक्रम के दौरान कुल 17 नव चयनित आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही कार्यशाला में उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र के सुचारू संचालन, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य देखभाल, मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं तथा डिजिटल मॉनिटरिंग प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए-सह-प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास सहित विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित थे।




