Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में ‘जल महोत्सव’ का भव्य शुभारंभ, ‘नीर नारी शक्ति’ के रूप में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस।

8 से 22 मार्च तक चलेगा 15 दिवसीय अभियान, जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल को लेकर जनजागरूकता पर जोर।

साहिबगंज।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, साहिबगंज द्वारा जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले 15 दिवसीय ‘जल महोत्सव’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा जल प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को सशक्त रूप से सामने लाना रहा।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिला कृषि पदाधिकारी, डीपीएम (जेएसएलपीएस), महिला एवं बाल विकास पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा बड़ी संख्या में जल सहिया दीदी, पंचायतों की मुखिया, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

इस अवसर पर ‘नीर नारी शक्ति’ के संकल्प के तहत पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कई मुखियाओं और जल सहियाओं को सम्मानित किया गया। उप विकास आयुक्त, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता-सह-सदस्य सचिव, जिला जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा उन्हें पानी की बोतल, छाता, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, पौधे का गमला और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को और भी प्रेरणादायी बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जल महोत्सव एक राष्ट्रीय जन-आंदोलन है, जिसका आधार जनभागीदारी और महिलाओं का नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता तथा जलापूर्ति योजनाओं के सफल संचालन और रखरखाव (O&M) में समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि समाज के सभी वर्ग मिलकर इस दिशा में प्रयास करें तो जल संकट जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।

विभागीय निर्देशानुसार 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक आयोजित इस 15 दिवसीय जल महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। 8 मार्च को ‘नीर नारी शक्ति’ के रूप में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। 9 और 10 मार्च को जिला तकनीकी इकाई (DTU) के गठन तथा जल सेवा आकलन की समीक्षा की जाएगी। 11 मार्च को विश्व प्लंबर दिवस के अवसर पर प्लंबर, पंप ऑपरेटर और सोलर मैकेनिक जैसे तकनीकी कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त 12 से 21 मार्च तक आरपीडब्ल्यूएसएस (RPWSS) आईडी निर्माण, सुजल ग्राम के निर्माण की प्रक्रिया तथा पंचायत स्तर पर जल उत्सव की तैयारियां की जाएंगी। इस पूरे अभियान का समापन 22 मार्च को विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम के साथ किया जाएगा।प्रशासन का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, सुरक्षित पेयजल सेवाओं को मजबूती मिलेगी और जलापूर्ति योजनाओं के संचालन व रखरखाव में जनसहयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!