Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में एकलव्य मॉडल व जनजातीय आवासीय विद्यालयों की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न।

शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6, 7 और 8 में नामांकन हेतु आयोजित परीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में हुई; प्रशासन की कड़ी निगरानी में दो पालियों में परीक्षा सम्पन्न।

साहिबगंज।झारखंड सरकार के कल्याण विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जनजातीय आवासीय विद्यालयों तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6, 7 एवं 8 में नामांकन हेतु रविवार को प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा का आयोजन साहिबगंज स्थित उत्क्रमित नगर पालिका कन्या मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र पर प्रथम एवं द्वितीय पाली में किया गया। परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा केंद्र पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद साहिबगंज के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। उनके पर्यवेक्षण में पूरी परीक्षा प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से आयोजित की गई।

परियोजना निदेशक आईटीडीए सह प्रभारी जिला कल्याण पदाधिकारी साहिबगंज संजय कुमार दास ने बताया कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय भोगनाडीह (बरहेट) में नामांकन के लिए कुल 148 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 129 छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 19 छात्र-छात्राएं अनुपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त अनुसूचित जनजातीय आवासीय विद्यालय बरहेट, बांझी, वृंदावन, बंदरकोला एवं धमधामियां में नामांकन के लिए भी प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। कक्षा 6 के लिए कुल 44 अभ्यर्थियों में से 41 छात्र-छात्राएं परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 3 अनुपस्थित रहे। कक्षा 7 के लिए 88 अभ्यर्थियों में से 85 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए और 3 अनुपस्थित रहे। वहीं कक्षा 8 के लिए कुल 14 अभ्यर्थियों में से 13 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा।

जिला प्रशासन एवं कल्याण विभाग की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। अधिकारियों के अनुसार पूरी परीक्षा प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई।प्रशासन ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के बाद आगे की नामांकन प्रक्रिया निर्धारित नियमों एवं समय-सारणी के अनुसार पूरी की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!