राजमहल थाना परिसर में होली को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील, प्रशासन ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश।

राजमहल (साहिबगंज)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से राजमहल थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने की।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस बल, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान होली पर्व के अवसर पर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर रोक लगाने, प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा आपसी भाईचारे को सुदृढ़ बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, हुड़दंग, या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्व है। सभी नागरिक मिल-जुलकर शांति एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन को दें।
थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बिना पुष्टि के किसी भी संदेश को साझा न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।
बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
इस अवसर पर राजेश मंडल, बिंदेश्वरी यादव, राजकुमार मंडल, कार्तिक साहा, अनीता बसाक, उज्ज्वल हलदार, आमिर कुमार मंडल, बरकत शेख, अजय कुमार चौधरी संजय साहा, चंदू राय सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि होली के दौरान शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।




