Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

शहरी निकाय चुनाव में झामुमो समर्थित प्रत्याशियों की शानदार जीत, विकास कार्यों पर जनता की मुहर – एमटी राजा।

राजमहल साहिबगंज। नगर निकाय चुनाव में साहिबगंज जिले के दो अध्यक्ष पदों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थित प्रत्याशियों की जीत को लेकर राजमहल विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने इसे राज्य सरकार के विकास कार्यों पर जनता की स्पष्ट मुहर बताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हो रहे सतत विकास और जनकल्याणकारी नीतियों के प्रति जनता की अटूट आस्था का परिणाम है।

विधायक एमटी राजा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड राज्य के साथ-साथ बरहेट विधानसभा, राजमहल लोकसभा एवं विधानसभा क्षेत्र तथा बोरियो विधानसभा क्षेत्र विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर हैं। राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत वित्तीय बजट में भी साहिबगंज जिले को कई महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र में आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि नगर की सरकार भी झामुमो के हाथों में होगी तो शहरों में विकास को और अधिक गति मिलेगी तथा इसका सीधा लाभ आम जनता को प्राप्त होगा।महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर उन्होंने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन की पहल और सोच की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के कारण महिला मतदाताओं का विश्वास भी पार्टी की जीत में अहम भूमिका निभाया है।

विधायक ने साहिबगंज नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामनाथ पासवान उर्फ छोटू पासवान तथा राजमहल नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख को जीत की हार्दिक बधाई दी।उन्होंने बताया कि इस चुनाव में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा, बोरियो विधायक धनंजय कुमार सोरेन, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, जिला अध्यक्ष अरूण कुमार सिंह सहित संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने स्तर से सक्रिय भूमिका निभाई।

एमटी राजा ने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि अध्यक्ष पद पार्टी के पाले में आया। “संगठन सर्वोपरि है। हम सभी ने यह साबित किया है कि एकजुट होकर संगठन के मार्गदर्शन पर चलने से निश्चित ही सफलता मिलती है। जनता ने हमारी एकता को विकास की रफ्तार के रूप में स्वीकार किया और अपना आशीर्वाद झारखंड मुक्ति मोर्चा को दिया है,” उन्होंने कहा।अंत में विधायक ने क्षेत्र की मतदाता जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास पर खरा उतरना ही उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!