पीएम श्री के तहत तीन प्रमुख कार्यक्रमों का भव्य आयोजन।
सांस्कृतिक आदान-प्रदान, हैकाथॉन प्रैक्टिस एवं विभिन्न शैक्षणिक मॉडलों की प्रभावशाली प्रस्तुति।

साहिबगंज।पीएम श्री योजना के अंतर्गत पीएम श्री उत्क्रमित राजकीय उच्च विद्यालय नगरपालिका कन्या साहिबगंज के प्रांगण में तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन विद्यालय के नवनिर्मित रंगकला मंच पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी साहिबगंज डॉ. दुर्गा नंद झा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह तथा प्रो. सुबोध कुमार झा शामिल हुए। अतिथियों के साथ विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारूक हुसैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। प्रिया कुमारी, जिया कुमारी, चांदनी कुमारी, प्रियंका कुमारी, ज्योति कुमारी और नीति कुमारी ने मधुर स्वर में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
आयोजित हैकथॉन अभ्यास का मुख्य विषय था विद्यालय के विद्यार्थियों के डेटा को व्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से कैसे संग्रहित किया जाए। इस विषय पर छात्र-छात्राओं ने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का निरीक्षण मॉडल कॉलेज राजमहल के प्राचार्य डॉ. रंजीत कुमार सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए डिजिटल प्रबंधन की आवश्यकता पर बल दिया।

‘कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम’ के अंतर्गत कुल नौ समूहों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की वेशभूषा, खान-पान, भाषा और सांस्कृतिक परंपराओं को नृत्य एवं गीत के माध्यम से प्रस्तुत किया। विविधता में एकता की झलक प्रस्तुत करते इन कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, भाषा, आईटी, स्वास्थ्य एवं कल्याण तथा कला से संबंधित मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यार्थियों ने अपने रचनात्मक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारूक हुसैन के साथ यमुना दास चौधरी बालिका उच्च विद्यालय, साहिबगंज के प्रभारी मो. यूसुफ भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त शिक्षक-शिक्षिकाओं में प्रदीप कुमार मोदी, रेखा कुमारी, अनिल किस्कू, कविता कुमारी, नीलम इंदवार, प्रियंका कुमारी, निरोजिनी कुमारी, प्रिया कुमारी, सुजीत कुमार विश्वास, अनिकेत कुमार, विजय कुमार, पिंकी कुमारी, अंजनी कुमारी, मीरा कुमारी, रीता कुमारी, सोनी टुडू, अजीत कुमार सहित अन्य गणमान्य शिक्षकगण उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रियंका कुमारी एवं रश्मि कुमारी गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। अंत में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. फारूक हुसैन ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम की समापन घोषणा की।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह, नवाचार और सांस्कृतिक समन्वय का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीएम श्री योजना के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।




