Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
क्राइमझारखंड

तीनपहाड़ स्टेशन पर मोबाइल छिनतई का खुलासा।

आरपीएफ– अपराध शाखा मालदा की संयुक्त कार्रवाई में नाबालिग पकड़ा गया, दो मोबाइल बरामद।

बरहरवा, साहिबगंज। तीनपहाड़ 23 फरवरी 2026 को ट्रेन में हुई मोबाइल छिनतई की घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने 26 फरवरी को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध नाबालिग को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

बरहरवा आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे, आरक्षी रमेश यादव, राकेश कुमार एवं अमित धर चौधुरी शामिल थे। अपराध शाखा मालदा की ओर से उपनिरीक्षक नन्दन कुमार सिंह, सहायक उपनिरीक्षक रवि शंकर यादव तथा प्रधान आरक्षी स्वपन कुमार घोष भी टीम का हिस्सा थे।

गश्ती दल जब प्लेटफॉर्म संख्या 01 के साहिबगंज छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के समीप पहुंचा, तो यात्री शेड के पास एक नाबालिग संदिग्ध अवस्था में घूमता दिखाई दिया। पुलिस दल को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम की मुस्तैदी के आगे उसकी कोशिश नाकाम रही। चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पूछताछ के दौरान वह रेलवे क्षेत्र में मौजूदगी का कोई संतोषजनक कारण या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसने अपना पता तीनपहाड़, जिला साहिबगंज (झारखंड) बताया।

विधिवत तलाशी लेने पर उसके नीले रंग की जीन्स की जेब से विवो कंपनी के दो स्क्रीन टच मोबाइल फोन एक नीले और एक काले रंग का बरामद हुए, जो बंद अवस्था में थे। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि ये मोबाइल फोन उसने तीनपहाड़ स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों से चोरी किए थे।दोनों मोबाइल फोन को गवाहों की उपस्थिति में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।

बरामद मोबाइल फोन एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ पकड़े गए नाबालिग को जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया गया। जीआरपी बरहरवा ने आरपीएफ की लिखित शिकायत के आधार पर केस संख्या 11/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें। स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में नियमित गश्त और जांच अभियान जारी है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!