साहिबगंज में सहकारिता एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न।
उपायुक्त हेमंत सती के सख्त निर्देश — आयुष्मान व राशन कार्ड कार्यों में तेजी, गोदाम निर्माण की नियमित निगरानी के आदेश।

साहिबगंज।जिला प्रशासन की कार्यशैली में पारदर्शिता और गति लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में गोपनीय कार्यालय कक्ष में सहकारिता विभाग, आपूर्ति विभाग एवं जिला स्तरीय सतर्कता समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई।
उपायुक्त ने राशन कार्ड निष्पादन एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) के डीलरों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने नए राशन कार्ड निर्गमन एवं डीलर परिवर्तन से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संपन्न हों।सहकारिता विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न प्रखंडों में निर्माणाधीन गोदामों की प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत प्रतिवेदन वरीय पदाधिकारी को अविलंब समर्पित करने को कहा गया। उपायुक्त ने चेतावनी दी कि खाद्यान्न भंडारण, वितरण एवं निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा जिला सहकारी पदाधिकारी महादेव मुर्मू जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित संबंधित एजीएम एवं बीएसओ उपस्थित रहे।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं लाभुकों तक समय पर लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




