लोकतंत्र के महापर्व में विधायक एमटी राजा की भागीदारी।
प्लस टू जे के उच्च विद्यालय मतदान केंद्र पर किया मतदान, नगरवासियों से अधिकाधिक मतदान की अपील।

राजमहल, साहिबगंज।नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 के तहत आयोजित मतदान प्रक्रिया के दौरान राजमहल के लोकप्रिय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने वार्ड संख्या–5 अंतर्गत स्थित प्लस टू जेके उच्च विद्यालय के मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचे विधायक एमटी राजा ने आम नागरिकों की तरह कतार में खड़े होकर शांतिपूर्वक मतदान किया। उनकी सादगीपूर्ण उपस्थिति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्धता ने वहां मौजूद मतदाताओं को प्रेरित किया।
मतदान के उपरांत उन्होंने कहा कि “मतदान केवल हमारा संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य भी है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता की सहभागिता आवश्यक है।”
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे बिना किसी भय, प्रलोभन या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और एक सशक्त, पारदर्शी एवं जवाबदेह स्थानीय निकाय के गठन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
विधायक ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे मतदाता निर्भीक होकर मतदान कर सकें।
मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। सुबह से ही युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग मतदाता उत्साहपूर्वक मतदान केंद्र पर पहुंचते रहे। लोकतंत्र के इस महापर्व में जनसहभागिता का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
विधायक की सक्रिय भागीदारी ने आम मतदाताओं में प्रेरणादायक संदेश प्रसारित किया और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ किया।




