रांची में ‘सफदर ईमाम फाउंडेशन’ द्वारा लाइब्रेरी कम स्टडी सेंटर का शुभारंभ।
शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल, मंत्रियों ने कहा “यह केंद्र युवाओं के सपनों को देगा नई उड़ान”।

साहिबगंज।राजधानी रांची के आहेअन मंजिल, गुलज़ार रोड, इटकी में आज शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सफदर ईमाम फाउंडेशन द्वारा लाइब्रेरी कम स्टडी सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर, शांत और संसाधनयुक्त अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव तनवीर आलम द्वारा दीप प्रज्वलन एवं फीता काटकर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने फाउंडेशन की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों को एक सुरक्षित, शांत और सकारात्मक अध्ययन स्थल की अत्यंत आवश्यकता है। यह लाइब्रेरी कम स्टडी सेंटर विद्यार्थियों को न केवल गुणवत्तापूर्ण अध्ययन वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें अपने सपनों को साकार करने की दिशा में सशक्त भी बनाएगा।

मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से युवाओं को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
वहीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों के बीच संसाधनों की असमानता को दूर करने में ऐसे प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
कांग्रेस महासचिव तनवीर आलम ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी युवाओं के लिए नई आशा, नई ऊर्जा और नई दिशा का प्रतीक बनेगी।
लाइब्रेरी में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों, सामान्य ज्ञान, साहित्य तथा शैक्षणिक सामग्री की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही विद्यार्थियों के लिए शांत, स्वच्छ एवं अनुशासित अध्ययन कक्ष की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे बिना किसी व्यवधान के अपनी तैयारी कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य लोग, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन द्वारा यह प्रेरक संदेश दिया गया
“A Place for Study, A Space for Silence, A Centre for Knowledge”
चलो पढ़ें। सपने गढ़ें। आगे बढ़ें।




