राजमहल मॉडल कॉलेज में यूजी द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सम्पन्न।

राजमहल (साहिबगंज)। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2024–28) परीक्षा 2025 की प्रथम पाली की परीक्षा राजमहल मॉडल कॉलेज केंद्र पर शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। महाविद्यालय प्रशासन ने पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित कर ली थीं, जिसके परिणामस्वरूप परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 262 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिनमें से 233 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली की परीक्षा में 132 परीक्षार्थी नामांकित थे। दोनों पालियों के दौरान परीक्षा केंद्र पर अनुशासित, शांत एवं सकारात्मक वातावरण बनाए रखा गया।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व महाविद्यालय परिसर में परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी परीक्षा कक्षों में समुचित बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश, पंखे तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्र पर अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था भी लागू की गई थी।
महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक, कर्मी एवं पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ कर रहे हैं।
परीक्षार्थियों ने भी सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में परीक्षा देने पर संतोष व्यक्त किया। प्राचार्य डॉ. सिंह ने परीक्षा संचालन में सहयोग हेतु जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।महाविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से आगामी पालियों में निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने तथा विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की अपील की है।




