Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

110 मीटर हर्डल्स में एमानुएल किस्कू का दमदार प्रदर्शन।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के लिए किया क्वालीफाई, देश भर में चौथा स्थान।

साहिबगंज। भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 छत्तीसगढ़ के लिए चयन प्रक्रिया के अंतर्गत रांची में आयोजित द्वितीय चरण की एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता में साहिबगंज के एथलीट एमानुएल किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में देश भर में चौथा स्थान प्राप्त कर छत्तीसगढ़ में होने वाले खेलों के लिए अपनी पात्रता सुनिश्चित कर ली है।

झारखंड खेल प्राधिकरण द्वारा बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में 14 से 15 फरवरी तक आयोजित द्वितीय संस्करण खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स एथलेटिक्स चयन प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों के एथलीटों ने भाग लिया। मेजबान झारखंड समेत विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू ने 110 मीटर हर्डल्स में 17.75 सेकेंड का समय लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और देशभर में चौथा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने मार्च माह में छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में भाग लेने का अवसर प्राप्त किया।

एमानुएल के कोच योगेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन एमानुएल 4×100 मीटर रिले दौड़ में भी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, जिससे टीम को उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

एमानुएल की इस उल्लेखनीय सफलता पर उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आई.टी.डी.ए. निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा, जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित जिले के खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।

साहिबगंज के लिए यह उपलब्धि गौरव का विषय है। एमानुएल किस्कू की मेहनत, अनुशासन और कोच के मार्गदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जिले की खेल प्रतिभाएँ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने में सक्षम हैं। अब सभी की निगाहें छत्तीसगढ़ में होने वाले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स–2026 पर टिकी हैं, जहाँ एमानुएल झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!