मॉडल कॉलेज राजमहल में पुलवामा के शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि।
दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को किया नमन।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल मॉडल कॉलेज में शनिवार को पुलवामा हमला के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में दो मिनट का मौन रखकर देश के उन वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में मौन धारण कर की गई। उपस्थित सभी शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने गंभीरता और श्रद्धा के साथ वीर सपूतों को नमन किया। वातावरण पूरी तरह श्रद्धा और देशभक्ति से ओत-प्रोत रहा।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पुलवामा के शहीदों का बलिदान राष्ट्र के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उन्होंने कहा, “हमारे वीर जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं के अदम्य साहस, समर्पण और त्याग के कारण आज हम अपने घरों में सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर पा रहे हैं। देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।”
उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने एक स्वर में देश के वीर जवानों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना के साथ हुआ।




