सदर अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर उपायुक्त की सख्त समीक्षा बैठक।
डॉक्टरों की उपस्थिति, रोस्टर अनुपालन और इमरजेंसी प्रबंधन पर कड़े निर्देश,सिविल सर्जन की अध्यक्षता में टास्क फोर्स के गठन का निर्देश।

साहिबगंज।सदर अस्पताल, साहिबगंज के सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में चिकित्सा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण को लेकर सभी चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में समन्वित, पारदर्शी एवं उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने चिकित्सकों एवं पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष बल देते हुए O.P.D./I.P.D. रोस्टर के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रोस्टर समय में किसी भी चिकित्सक द्वारा निजी प्रैक्टिस पूर्णतः निषिद्ध रहेगा। आपातकालीन कक्ष एवं प्रसव कक्ष में ड्यूटी के दौरान अनिवार्य Hand Over/Take Over सुनिश्चित करने तथा इमरजेंसी चिकित्सकों द्वारा नियमित सुबह-शाम राउंड करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने निर्देशित किया कि प्रसव एवं आपातकालीन मरीजों के BHI पर विस्तृत रेफरल विवरण अंकित किया जाए। सभी सर्जिकल मरीजों का संबंधित सर्जन द्वारा नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए तथा सभी चिकित्सक बायोमैट्रिक (IN/OUT) उपस्थिति दर्ज करें। O.P.D. में दवाओं को Capital Letter में स्पष्ट रूप से लिखने और रजिस्टर के सभी कॉलम भरने के निर्देश भी दिए गए।
मेडिको-लीगल मामलों जैसे Post-mortem, Injury, Rape Case, Age Estimation के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष बल दिया गया। ऑन-ड्यूटी इमरजेंसी चिकित्सक द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों को समय पर सूचना देने एवं फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया। अवकाश आवेदन में प्रयोजन एवं प्रकार (CL, EL, CPL, SPL) स्पष्ट रूप से अंकित करने तथा सहमति देने वाले चिकित्सकों द्वारा अतिरिक्त दायित्व निर्वहन करने की बात कही गई।
ड्यूटी के दौरान ड्रेस कोड एवं परिचय पत्र के साथ उपस्थित रहने, मासिक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा मृत मरीजों के परिजनों के लिए मोक्ष वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त ने डॉ रामदेव पासवान (सिविल सर्जन) की अध्यक्षता में एक टास्क फोर्स गठित करने का निर्देश दिया, जो इन सभी निर्देशों के अनुपालन की सतत निगरानी करेगी।बैठक में सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान, अस्पताल प्रबंधक दिवेश कुमार एवं सदर अस्पताल के सभी चिकित्सक उपस्थित थे।




