साहिबगंज में कृषि योजनाओं की सख्त मॉनिटरिंग: उपायुक्त हेमंत सती ने बीज वितरण, ऋण माफी और किसान समृद्धि पर दिए कड़े निर्देश।

साहिबगंज।जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में कृषि विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य योजनाओं की जमीनी प्रगति का आकलन करना तथा यह सुनिश्चित करना था कि सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से वास्तविक किसानों तक पहुँचे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बिरसा फसल विस्तार योजना के अंतर्गत बीज वितरण की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने अवगत कराया कि योजना के तहत बीज वितरण का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस पर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त करते हुए अन्य योजनाओं में भी इसी प्रकार तत्परता और दक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने झारखंड कृषि ऋण माफी योजना की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र किसानों को योजना का लाभ बिना किसी विलंब के मिले। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही किसान समृद्धि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने एटीएम (Assistant Technology Manager) एवं बीटीएम (Block Technology Manager) को क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ये कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों को योजनाओं की जानकारी दें, उन्हें जागरूक करें तथा अधिकाधिक किसानों को योजनाओं से जोड़ें। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े किसान तक पहुँचे।
समीक्षा के क्रम में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें शामिल हैं वर्षापात एवं आच्छादन प्रतिवेदन बीज विनिमय एवं वितरण योजना बिरसा फसल विस्तार योजना एनएफएसएम (NFSM) अंतर्गत प्रमाणित बीज वितरण रसायन निबंधन झारखंड राज्य मिलेट मिशन योजना पीएम आरकेवीवाई-पीडीएमसी (PM RKVY-PDMC) आरकेवीवाई अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता प्रबंधन योजना डिजिटल फसल सर्वेक्षण केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) झारखंड कृषि ऋण माफी योजना बिरसा ग्राम विकास योजना सह कृषि पाठशाला उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, क्षेत्रीय स्तर पर निरीक्षण बढ़ाने तथा प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया।बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण भोक्ता, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मंटु कुमार सहित एटीएम एवं बीटीएम उपस्थित थे।




