Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर कड़ी कार्रवाई: 5 दुकानों से प्रतिबंधित सामग्री जब्त, जुर्माना वसूला।

राजमहल, साहिबगंज।पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए नगर पंचायत राजमहल और झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) के संयुक्त तत्वावधान में नगर क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक (SUP) के पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र के विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई, जहां प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर विशेष निगरानी रखी गई।

जांच के क्रम में कुल पांच दुकानों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पाया गया। नियमों के तहत मौके पर ही प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त कर ली गई तथा संबंधित दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया। जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें चंदन नाश्ता दुकान, बर्मन स्वीट्स, बर्मन तंदूर, सेन जनरल स्टोर और दिलीप साहा किराना भंडार शामिल हैं।

अभियान के दौरान यह सकारात्मक तथ्य भी सामने आया कि कई दुकानदार पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग हैं और निर्धारित मानकों के अनुरूप कपड़े, कागज तथा अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग कर रहे हैं। अधिकारियों ने ऐसे दुकानदारों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य व्यापारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस संयुक्त जांच अभियान में झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, दुमका क्षेत्रीय कार्यालय से रामदेव साहनी असिस्टेंट साइंटिफिक ऑफिसर, नगर पंचायत से जितेश कुमार चौधरी प्रभारी नगर प्रबंधक सह नोडल पदाधिकारी, गौतम मंडल कनीय अभियंता सह दंडाधिकारी, नमन कुमार, सुजीत कुमार यादव राजस्व निरीक्षक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है और इसके उल्लंघन पर आगे भी निरंतर एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने सभी व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करते हुए प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाएँ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!