कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने की पहल: साहिबगंज व पाकुड़ जिला अध्यक्ष दिल्ली रवाना, इंदिरा भवन में होगा एकदिवसीय प्रशिक्षण।

बरहरवा साहिबगंज।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के उद्देश्य से एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में साहिबगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान एवं पाकुड़ जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार रविवार को ट्रेन से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।
नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन, कोटला मार्ग में मंगलवार को प्रातः 10:30 बजे से आयोजित इस एकदिवसीय प्रारंभिक अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाग लेंगे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के पश्चात चयनित प्रतिभागियों के लिए 10 दिवसीय विस्तृत आवासीय प्रशिक्षण का भी आयोजन प्रस्तावित है।इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को मतदान केंद्र बूथ स्तर तक मजबूत करना, संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ बनाना, जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की पहचान कर उन्हें प्रभावी मंचों पर उठाना तथा कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता और संगठनात्मक दक्षता विकसित करना है।
दिल्ली रवाना होने से पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी स्वयं उपस्थित होकर सभी जिला अध्यक्षों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कांग्रेस संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा तथा आने वाले समय में पार्टी को जनसरोकारों की आवाज को और मजबूती से उठाने में मदद करेगा।उन्होंने आगे कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव, सुझाव एवं मार्गदर्शन को जिला एवं प्रखंड स्तर तक लागू किया जाएगा, जिससे कांग्रेस संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके। पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।




