Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर निकाय चुनाव की तैयारी तेज: उपायुक्त हेमंत सती ने मतदान पदाधिकारियों के प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान पर दिया विशेष जोर।

साहिबगंज।आगामी नगर निकाय आम निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में आयोजित मतदान पदाधिकारी प्रथम एवं द्वितीय के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बैलेट पेपर के माध्यम से होने वाली मतदान प्रक्रिया का गहन अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मतदान कर्मियों से संवाद कर प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि सभी पदाधिकारी चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित हो रहे हैं।

उपायुक्त हेमंत सती ने उपस्थित मतदान पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में सजगता, निष्पक्षता और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है, ताकि प्रत्येक मतदाता निर्भीक एवं स्वतंत्र वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

उन्होंने मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करने और मतदान के दिन पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशिक्षित, सजग और जिम्मेदार मतदान कर्मी ही शांतिपूर्ण एवं सफल चुनाव की आधारशिला होते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 276 मतदान पदाधिकारियों को बैलेट पेपर के उपयोग, मतदाता पहचान की प्रक्रिया, मतदान केंद्र पर पालन किए जाने वाले आवश्यक प्रोटोकॉल, मतपेटी की सीलिंग, मतगणना पूर्व की सावधानियों सहित निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मतदान के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने के उपाय भी बताए गए, ताकि किसी भी स्थिति में मतदान प्रक्रिया बाधित न हो।

इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुझू कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!