नगर पालिका चुनाव 2026: उपायुक्त ने स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्र का किया निरीक्षण, पारदर्शिता व सुरक्षा पर दिया विशेष जोर।

साहिबगंज। नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की औपचारिक घोषणा के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में बनाए जा रहे स्ट्रांग रूम तथा प्रस्तावित मतगणना केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतगणना एवं ईवीएम सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, बैरिकेडिंग तथा आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि मतगणना के दिन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्होंने पास प्रणाली, मीडिया कॉर्नर की व्यवस्था तथा मतगणना एजेंटों के लिए आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष जोर दिया, ताकि मतगणना प्रक्रिया सुचारु, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुनीता किस्कु सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।




