साहिबगंज में नियमित टीकाकरण डेटा गुणवत्ता सुदृढ़ करने हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला सम्पन्न।
स्वास्थ्य विभाग साहिबगंज एवं JSI R&T इंडिया फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से डेटा प्रबंधन और निगरानी प्रणाली मजबूत करने की पहल।

साहिबगंज।जिले में नियमित टीकाकरण (Routine Immunization) कार्यक्रम की डेटा गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था एवं डेटा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग साहिबगंज एवं JSI R&T इंडिया फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े जिला एवं प्रखंड स्तर के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यशाला के दौरान साहिबगंज जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रमुख प्राथमिकताओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विशेष रूप से ‘ज़ीरो डोज’ (Zero Dose) बच्चों की पहचान, उनकी प्रभावी ट्रैकिंग तथा उन्हें पूर्ण टीकाकरण कवरेज में लाने की कार्ययोजना पर विशेष फोकस किया गया। विशेषज्ञों द्वारा डेटा एनालिटिक्स परियोजना के उद्देश्यों, प्रमुख गतिविधियों तथा रणनीतिक हस्तक्षेपों (Strategic Interventions) पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर बेसलाइन असेसमेंट, नियमित मॉनिटरिंग, लाभार्थियों की सटीक ट्रैकिंग, सामुदायिक सहभागिता, तथा रिकॉर्डिंग एवं रिपोर्टिंग प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को ‘सत्र की योजना बनाम आयोजित सत्र’ (Session Planned vs Session Held), पूर्ण टीकाकरण प्राप्त बच्चों की स्थिति (Fully Immunized Children), तथा कार्यक्रम में सुधार हेतु आवश्यक प्रमुख संकेतकों (Key Pointers for Improvement) की विस्तृत जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को डेटा आधारित निर्णय लेने, सटीक एवं पारदर्शी रिपोर्टिंग, तथा प्रभावी निगरानी प्रणाली के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिससे क्षेत्र स्तर पर कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।
कार्यशाला के समापन अवसर पर यह संकल्प लिया गया कि प्राप्त ज्ञान, सुझाव एवं रणनीतियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू कर जिले के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा।जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, साहिबगंज ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगी संस्थाओं, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




