जनता दरबार में उपायुक्त हेमंत सती ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित व पारदर्शी समाधान के दिए सख्त निर्देश।

साहिबगंज।समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक शिकायतें उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की गईं। उपायुक्त हेमंत सती ने मौके पर ही संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध और पारदर्शी समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन के पश्चात उसकी प्रतिवेदन रिपोर्ट अनिवार्य रूप से उपायुक्त कार्यालय को समर्पित की जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना ही प्रशासन की जिम्मेदारी है, ताकि आमजन को वास्तविक राहत मिल सके।
उल्लेखनीय है कि साहिबगंज जिले में प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहां जिलेवासी सीधे उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रख सकते हैं। इस पहल से प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद सशक्त हुआ है तथा शासन की योजनाएं जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से जमीनी स्तर तक पहुंच रही हैं।




