अमानत घाट मदरसा में एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम।
डॉ. तनवीर आलम ने मनरेगा और एसआईआर पर ग्रामीणों को किया जागरूक, समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन।

उधवा साहिबगंज। उधवा प्रखंड अंतर्गत अमानत घाट मदरसा परिसर में एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने की। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव डॉ. तनवीर आलम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराना था। इस अवसर पर डॉ. तनवीर आलम ने ग्रामीणों की जमीनी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में डॉ. आलम ने एसआईआर (Special Intensive Revision) प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ना, त्रुटि सुधार कराना तथा नाम कटने से बचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची की शुद्धता के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए।
डॉ. आलम ने मनरेगा योजना का उल्लेख करते हुए इसे ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा बताया। उन्होंने कहा कि मनरेगा का प्रभावी क्रियान्वयन और मजदूरों को समय पर काम व मजदूरी भुगतान सुनिश्चित कराना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।अध्यक्षता बरकत खान ने कहा कि पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़ी रही है। उन्होंने उधवा प्रखंड में मनरेगा और मतदान से जुड़े मुद्दों पर संगठन की सक्रियता पर प्रकाश डाला तथा कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की।
इस अवसर पर जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान ने एसआईआर प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, त्रुटियों के सुधार और नाम सुरक्षित रखने में बीएलए की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। वहीं जिला महासचिव सह जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर हीरालाल साहा ने मतदाता सूची की शुद्धता और जागरूकता पर बल दिया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने मनरेगा में काम नहीं मिलने, मजदूरी भुगतान में देरी तथा स्थानीय स्तर पर उत्पन्न प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस पर डॉ. तनवीर आलम ने संबंधित अधिकारियों से संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, उधवा प्रखंड अध्यक्ष बदरूद दोजा, प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, जिला बीएलए मास्टर ट्रेनर मुरसलीन खान, जिला महासचिव हीरालाल साहा, ऐनुल हक, रबीउल इस्लाम, नवीद अंजुम, दिलदार आलम, नेहाल अख्तर, अब्दुल करीम, अभिजीत केडिया, फिरोज आलम, शाहिद हाफिज, मोइनुल हक, फारूक समसी, मुक्लेसुर रहमान, मोहम्मद बदरुद्दीन, अब्दुल खालिक, हन्नान सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




