साहिबगंज में जिला स्तरीय कृषि मेला–सह फल एवं सब्ज़ी प्रदर्शनी 2025–26 का भव्य शुभारंभ।
उपायुक्त हेमंत सती ने किसानों को सरकारी योजनाओं व आधुनिक कृषि तकनीकों से कराया रूबरू।

साहिबगंज।संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर, साहिबगंज में आयोजित जिला स्तरीय कृषि मेला–सह फल एवं सब्ज़ी प्रदर्शनी 2025–26 का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन उपायुक्त साहिबगंज हेमंत सती द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आए किसान, महिला किसान, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएँ, कृषि वैज्ञानिक, विभागीय पदाधिकारी, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि, एनजीओ के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।उद्घाटन अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि यह कृषि मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों को कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, मत्स्य, पशुपालन, JSLPS सहित अन्य संबद्ध विभागों की योजनाओं, सुविधाओं एवं नवीनतम तकनीकों से जोड़ने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेले का आयोजन इस उद्देश्य से किया गया है कि सभी विभागों की योजनाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हों, ताकि किसानों को जानकारी प्राप्त करने और योजनाओं का लाभ उठाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।उपायुक्त ने कहा कि इस बार मेले में महिला किसानों की भागीदारी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत बताया।हेमंत सती ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा बीज, उर्वरक, सिंचाई सुविधा, कृषि यंत्र, पशुपालन, मत्स्य पालन, उपज की खरीद, अनुदान एवं ऋण से संबंधित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। किसान इन योजनाओं की जानकारी लेकर अपनी खेती को अधिक उन्नत, वैज्ञानिक और लाभकारी बना सकते हैं।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मेले में लगे सभी विभागीय स्टॉलों का अवलोकन करें, विशेषज्ञों से संवाद करें और अपनी आवश्यकता के अनुरूप योजनाओं की जानकारी लेकर आवेदन करें। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसान केवल पौधों और प्रदर्शनी को देखकर न लौटें, बल्कि नई कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक पद्धतियों एवं सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी साथ लेकर जाएँ, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।उपायुक्त ने यह भी आग्रह किया कि किसान मेले के दूसरे दिन भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हों तथा अन्य किसानों को भी साथ लाएँ, जिससे अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।गौरतलब है कि जिला स्तरीय कृषि मेला–सह फल एवं सब्ज़ी प्रदर्शनी 31 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी किसान भाई-बहनों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में मेला स्थल पर पहुँचकर इस आयोजन का भरपूर लाभ उठाएँ।




