वित्तीय वर्ष 2025-26 को लेकर उपायुक्त की अहम बैठक, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्य निष्पादन पर सख्त निर्देश।
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक, लंबित फाइलों के त्वरित निपटान और वित्तीय अनुशासन पर जोर।

पाकुड़।समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2025-26 को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाहरणालय के सभी कार्यालयों के नाजीर, प्रधान सहायक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या त्रुटि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उपायुक्त ने उपयोगिता प्रमाण पत्र को समय पर समर्पित करने पर जोर देते हुए कहा कि सभी वित्तीय अभिलेखों एवं लेखा-जोखा का गहन और सटीक परीक्षण किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि लंबित फाइलों को प्राथमिकता के आधार पर आज ही निष्पादित किया जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने कर्मियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने-अपने दायित्वों के प्रति गंभीर रहें और कार्यालयीन कार्यों को व्यवस्थित, प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संपादित करें। साथ ही, सभी कार्यालयों को सुव्यवस्थित एवं सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी और कर्मी टीम भावना के साथ कार्य करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य कर्मी भी उपस्थित थे।




