उपायुक्त हेमंत सती ने जनता दरबार, ग्रामीण–शहरी समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया आश्वासन।
मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें आईं, अधिकारियों को शीघ्र निष्पादन के निर्देश।

साहिबगंज। जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं सीधे उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त हेमंत सती ने उपस्थित सभी फरियादियों की समस्याओं को एक-एक कर गंभीरतापूर्वक सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों की समुचित जांच कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता दरबार के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित अनेक आवेदन शिकायत के रूप में प्राप्त हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच कर त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी मामलों में की गई कार्रवाई की प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।
ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में जनता दरबार का नियमित आयोजन किया जाता है, जिससे आम जनता अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचा सके और उनका त्वरित समाधान हो सके।



