उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में नगर निकाय योजनाओं की समीक्षा, जनहित कार्यों में तेजी के निर्देश।
स्वच्छता, पेयजल, सड़क मरम्मत व स्ट्रीट लाइट पर विशेष फोकस, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर।

साहिबगंज।जिले में शहरी विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में आज कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद साहिबगंज, नगर पंचायत राजमहल एवं बरहरवा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकासात्मक कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान नगर निकायों में चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति, कार्यों की गुणवत्ता तथा लंबित परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जनहित से जुड़ी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

उन्होंने विशेष रूप से स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं की मजबूती ही विकास की असली पहचान है, इसलिए इन क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, नियमित मॉनिटरिंग एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की सतत निगरानी की जाए तथा किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तत्काल समाधान किया जाए।

बैठक में नगर परिषद साहिबगंज के नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह, नगर पंचायत बरहरवा के नगर प्रशासक दीपक कुमार, नगर पंचायत राजमहल के नगर प्रशासक दानिश हुसैन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शहरी जनता को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया।




