सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर बड़ा कदम: 14 वर्ष की बच्चियों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान 30 मार्च से शुरू।
तीन महीने तक चलेगा अभियान, जिले की 14,394 बच्चियों को लगाया जाएगा टीका; विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में होगा टीकाकरण।

साहिबगंज।जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से 14 वर्ष की बच्चियों के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत 30 मार्च से की जा रही है। यह अभियान लगातार तीन महीनों तक संचालित होगा। इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विस्तृत जानकारी दी।
सिविल सर्जन ने बताया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चियों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में लगाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीकाकरण केवल उन्हीं बच्चियों को किया जाएगा जिनकी उम्र ठीक 14 वर्ष होगी — न 14 वर्ष से एक दिन कम और न ही 15 वर्ष से अधिक।
उन्होंने बताया कि जिले में कुल 14,394 बच्चियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह अभियान शहर से लेकर सभी प्रखंडों तक प्रभावी ढंग से चलाया जाएगा।
प्रखंडवार टीकाकरण लक्ष्य सीएचसी बरहरवा – 2,272 सीएचसी बरहेट – 1,551 सीएचसी बोरियों – 2,181 सीएचसी पतना – 1,030 एसडीएच राजमहल – 2,094 सीएचसी साहिबगंज सदर – 2,037 सीएचसी तालझारी – 979 सीएचसी उधवा – 2,251
सिविल सर्जन ने बताया कि स्कूलों के माध्यम से शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। उन्हें वैक्सीन की सुरक्षा और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चियां इस अभियान का लाभ उठा सकें।
उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपनी बच्चियों को इस टीकाकरण अभियान में जरूर शामिल कराएं, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थिति पर डॉ. किरण माला भी उपस्थित रहीं और उन्होंने भी अभियान को सफल बनाने की अपील की।यह अभियान जिले में महिलाओं के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




