Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

सदन में गूंजा साहिबगंज–राजमहल का मुद्दा: गंगा तट श्मशान घाटों में विद्युत शवदाह गृह बनाने की मांग।

विधायक एमटी राजा ने झारखंड विधानसभा में उठाया मामला, नगर विकास विभाग ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन; पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत नहीं होने पर भी जताई चिंता।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज और राजमहल के गंगा तट स्थित श्मशान घाटों में विद्युत शवदाह गृह निर्माण का महत्वपूर्ण मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने नगर विकास विभाग का ध्यान इस ओर आकृष्ट करते हुए कहा कि साहिबगंज और राजमहल का पवित्र गंगा तट संथाल परगना क्षेत्र के लोगों के लिए प्रमुख अंत्येष्टि स्थल है।

विधायक ने बताया कि यहां प्रतिदिन संथाल परगना क्षेत्र के लगभग पांच जिलों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम संस्कार के लिए अपने परिजनों के शव लेकर पहुंचते हैं। वर्तमान में इन श्मशान घाटों पर पारंपरिक पद्धति से अंतिम संस्कार किया जाता है, जिसके कारण बड़ी मात्रा में लकड़ी की खपत होती है। प्रतिदिन हजारों किलो लकड़ी के उपयोग से पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

उन्होंने कहा कि पर्याप्त और आधुनिक व्यवस्था के अभाव में श्मशान घाटों पर लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि यहां विद्युत शवदाह गृह का निर्माण कर दिया जाए तो अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित, त्वरित और पर्यावरण के अनुकूल हो सकेगी। इससे लकड़ी की खपत भी कम होगी और घाटों की व्यवस्था भी बेहतर हो पाएगी।

इस पर नगर विकास विभाग ने सदन के माध्यम से उत्तर देते हुए बताया कि साहिबगंज और राजमहल के गंगा तट स्थित श्मशान घाटों में विद्युत शवदाह गृह निर्माण के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र शुरू करने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान विधायक एमटी राजा ने शहरी क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को लंबे समय तक क्षतिग्रस्त छोड़ दिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पाइपलाइन कार्य के लिए सड़कों को तोड़ दिया जाता है, लेकिन बाद में उनकी मरम्मत नहीं की जाती, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में भारी परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

विभाग की ओर से इस पर भी सकारात्मक आश्वासन दिया गया कि पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने के बाद सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विधायक एमटी राजा ने कहा कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों का शीघ्र समाधान होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे साहिबगंज और राजमहल सहित पूरे क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!