Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज महाविद्यालय की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल निर्माण जरूरी : विधायक एमटी राजा।

यास तूफान में क्षतिग्रस्त हुई थी दीवार, असामाजिक तत्वों के प्रवेश से बढ़ी चिंता; सरकार ने डीपीआर तैयार कराने का दिया निर्देश।

साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक मो ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान साहिबगंज महाविद्यालय की सुरक्षा से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सदन का ध्यान महाविद्यालय परिसर की वर्तमान सुरक्षा स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि  यास तूफान के दौरान महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से अब तक परिसर की समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं हो पाई है।

विधायक ने कहा कि बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण महाविद्यालय परिसर पूरी तरह असुरक्षित हो गया है। इससे असामाजिक तत्वों के प्रवेश की आशंका बनी रहती है, जो विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सरकार से मांग की कि महाविद्यालय की गरिमा और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि साहिबगंज महाविद्यालय जिले के लिए गौरव का केंद्र है और यह क्षेत्र में उच्च शिक्षा का एक प्रमुख संस्थान है। यहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करते हैं। ऐसे में एक सुरक्षित और व्यवस्थित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।विधायक के प्रश्न के उत्तर में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने सदन में जानकारी दी कि साहिबगंज महाविद्यालय में बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, रांची के माध्यम से स्थल का भौतिक निरीक्षण कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

विभाग ने बताया कि डीपीआर तैयार होने के बाद प्राथमिकता के आधार पर प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त कर बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि महाविद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।विधायक एमटी राजा ने उम्मीद जताई कि सरकार इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाएगी। इससे न केवल महाविद्यालय परिसर सुरक्षित होगा, बल्कि छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को भी एक बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक माहौल प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!