Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी के खिलाफ अभियान में नाबालिग लड़की बरामद, बाल संरक्षण टीम को सौंपा गया।

साहिबगंज।मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार की सुबह राजमहल रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने सघन जांच और राउंड के दौरान एक नाबालिग लड़की को संदिग्ध स्थिति में बरामद किया। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे बाल संरक्षण टीम को सौंप दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सुबह लगभग 05:30 बजे तय कार्यक्रम के तहत मानव तस्करी के विरुद्ध राउंड एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सब-इंस्पेक्टर एल.बी. मांझी तथा कांस्टेबल परवीन कुमार अपने कैम्पिंग स्टाफ के साथ राजमहल रेलवे स्टेशन परिसर में जांच कर रहे थे।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने देखा कि एक नाबालिग लड़की स्टेशन के बुकिंग ऑफिस के पास संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। स्थिति को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लड़की को सुरक्षित हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।प्रारंभिक पूछताछ में लड़की कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकी। बाद में विनम्रता से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह झारखंड के साहिबगंज थाना क्षेत्र के पुरानी साहिबगंज की रहने वाली है और अपनी नानी के घर में रहती है।

लड़की ने आगे बताया कि उसके चाचा और चाची के बीच लगातार झगड़ा हो रहा था, जिससे परेशान होकर वह अपने माता-पिता (मामा और मामी) को बिना बताए घर से निकल गई थी। उसने यह भी बताया कि वह दूसरे राज्य में काम की तलाश में जाने के उद्देश्य से घर से भागकर रेलवे स्टेशन पहुंच गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना बाल संरक्षण मंथन, राजमहल साहिबगंज को दी। सूचना मिलते ही बाल संरक्षण टीम के प्रतिनिधि अंशु मालाकार मौके पर पहुंचे। इसके बाद सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और नाबालिग लड़की को आगे की देखरेख एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए बाल संरक्षण मंथन, राजमहल के प्रतिनिधि को सौंप दिया गया।

रेलवे पुलिस के अनुसार मानव तस्करी और नाबालिगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!