राजमहल नगर पंचायत की पहली बैठक में विकास की रूपरेखा तय, जलनिकासी, रोशनी और जलापूर्ति पर खास जोर।
नवनिर्वाचित बोर्ड ने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित बनाने का लिया संकल्प; लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल नगर पंचायत के नवनिर्वाचित बोर्ड की पहली बैठक सोमवार को आयोजित की गई, जिसमें शहर के समग्र विकास को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में राजमहल कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, सभी पार्षदगण, नगर कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए गए। सभी पार्षदों द्वारा उठाए गए जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर नोट किया गया।
बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी ड्रेनेज सिस्टम एवं नालों की समय रहते साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसका उद्देश्य शहर में जलजमाव की समस्या को रोकना और नागरिकों को राहत प्रदान करना है।

शहर की रोशनी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी वार्डों में आवश्यकता अनुसार सोलर लाइट एवं स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। इससे न केवल प्रकाश व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
वर्षों से लंबित शहरी जलापूर्ति योजना (बड़ा पानी) को लेकर संवेदक एवं संबंधित अभियंताओं को तलब किया गया। उन्हें कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।सीवरेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित कर्मियों को बैठक में बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के अंत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों एवं नगर पंचायत के अधिकारियों ने एकजुट होकर राजमहल को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने का संकल्प लिया।नगर पंचायत ने सभी नागरिकों से शहर के विकास में सहयोग देने एवं सुझाव साझा करने की अपील की है, ताकि राजमहल का समग्र और तेज़ विकास सुनिश्चित हो सके।📞 संपर्क (WhatsApp): 7979067885




