Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में भव्य रोजा इफ्तार का आयोजन, हजारों लोगों की मौजूदगी में गूंजा भाईचारे और सौहार्द का संदेश।

विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के सौजन्य से मटियाल इंडोर–आउटडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद विजय कुमार हांसदा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी हुए शामिल।

राजमहल (साहिबगंज)।पवित्र रमजान महीने के अवसर पर राजमहल में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता की मिसाल पेश करते हुए भव्य रोजा इफ्तार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार की देर शाम मटियाल स्थित इंडोर–आउटडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन राजमहल के विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के सौजन्य से किया गया, जिसमें सभी समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर इफ्तार किया और आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहा। रोजेदारों के लिए खजूर, फल, पकौड़े, शरबत सहित कई पारंपरिक व्यंजनों की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को भव्य और यादगार बना दिया। इफ्तार के समय पूरे मैदान में एकता और भाईचारे का सुंदर दृश्य देखने को मिला।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राजमहल के सांसद विजय कुमार हांसदा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक त्योहार केवल आस्था का विषय नहीं होते, बल्कि समाज को जोड़ने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का भी कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता का संदेश देते हैं तथा विभिन्न समुदायों के लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि रमजान का महीना धैर्य, त्याग, आत्मसंयम और सेवा की भावना का प्रतीक है। यह महीना हमें दूसरों की मदद करने, जरूरतमंदों के प्रति सहानुभूति रखने और समाज में शांति तथा सौहार्द बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन बेहद जरूरी हैं।

दावत-ए-इफ्तार में विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों की एक साथ भागीदारी इस बात का प्रतीक बनी कि हमारा देश विविधता में एकता की परंपरा को सहेज कर आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और भाईचारे को और मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सतीश चंद्र, एसडीओ सदानंद महतो, नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष केताबुद्दीन शेख, अंचल अधिकारी मो. यूसुफ, पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, नगर पंचायत प्रशासक सह सीडीपीओ दानिश हुसैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!