Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल मॉडल कॉलेज में कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षाएं संपन्न, लेट आने वाले परीक्षार्थियों को सख्त चेतावनी।

समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील, दोनों विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से हुई आयोजित।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल मॉडल कॉलेज में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025–29) परीक्षा 2025 के अंतर्गत दोनों पालियों में वी.ए.सी. (VAC) पेपर की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके साथ ही झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित डिप्लोमा तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा भी अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से कराई गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी संबंधित शिक्षकों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता और अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

प्राचार्य ने परीक्षार्थियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि सभी छात्र-छात्राएं समय से परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों। विलंब से आने वाले परीक्षार्थियों के प्रति कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने की अपील भी की।

उपस्थिति के आंकड़ों के अनुसार, सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय की परीक्षा में प्रथम पाली में 325 तथा द्वितीय पाली में 438 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की डिप्लोमा तृतीय सेमेस्टर परीक्षा में कुल 294 परीक्षार्थियों ने भाग लिया।

प्राचार्य डॉ. सिंह ने परीक्षा के सफल एवं कदाचारमुक्त संचालन में योगदान देने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!