प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय खेलों में जिले का दम—एक एथलीट और दो कोच का चयन।
एमानुएल किस्कू एथलेटिक्स में दिखाएंगे प्रतिभा, योगेश यादव और प्रकाश सिंह बादल को मिली अहम जिम्मेदारी।

साहिबगंज जिले के लिए गर्व की बात है कि प्रथम खेलो इंडिया जनजातीय (ट्राइबल) गेम्स में जिले से एक एथलीट और दो कोच का चयन हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 25 मार्च से 03 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के तीन प्रमुख शहरों—रायपुर, जगदलपुर और सरगुजा में आयोजित हो रही है।
खेल एवं युवा मामले मंत्रालय, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में देशभर के प्रतिभाशाली जनजातीय खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

जिला खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र से प्रशिक्षु एथलीट एमानुएल किस्कू का चयन झारखंड राज्य टीम में हुआ है। वे
110 मीटर हर्डल्स 4×100 मीटर रिले स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।रांची में आयोजित विशेष कोचिंग कैंप के बाद एमानुएल किस्कू झारखंड टीम के साथ प्रतियोगिता स्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।
आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के प्रशिक्षक योगेश यादव को 30 मार्च से 02 अप्रैल तक क्रीड़ा परिसर, धर्मपुरा (जगदलपुर) में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए नेशनल टेक्निकल ऑफिशियल नियुक्त किया गया है।
सिद्धो कान्हु स्टेडियम में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल को 28 से 31 मार्च तक गांधी स्टेडियम, सरगुजा में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के लिए झारखंड राज्य टीम का कोच बनाया गया है।इस उपलब्धि पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।

उपायुक्त हेमंत सती, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा नंद झा एवं जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित अन्य अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
जिले के खिलाड़ियों और कोचों का यह चयन न केवल स्थानीय खेल प्रतिभा को पहचान दिला रहा है, बल्कि आने वाले समय में खेल क्षेत्र में नई प्रेरणा भी देगा। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है और उम्मीद है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे।




